दिल्ली के गुरु जम्भेश्वर संस्थान भवन, सिविल लाइंस में बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल द्वारा बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो 2026 के अंतर्गत बिश्नोई बिजनेस समिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन के साथ हुई। इस दौरान स्वर्गीय सहीराम धारणिया (पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा एवं पूर्व विधायक) को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद गुरु जांभोजी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व डीजीपी मेघालय पुलिस डॉ. एल.आर. बिश्नोई उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूना के बिल्डर सोहन लोहमरोड़ ने की। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक बिश्नोई उद्यमियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने जीवन संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कर युवा उद्यमियों को प्रेरित किया।
इंजीनियर आर.के. बिश्नोई ने बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल और आगामी 18 से 20 सितंबर को जोधपुर में आयोजित होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो की जानकारी दी। उन्होंने व्यवसायियों से शिक्षा, प्रशिक्षण और तकनीक के माध्यम से निरंतर ज्ञान बढ़ाने की अपील की। साथ ही कहा कि व्यापार और सेवाओं से पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. एल.आर. बिश्नोई ने नेटवर्किंग, गुणवत्ता, तकनीक और सकारात्मक सोच को व्यवसाय की सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने उद्यमियों को समय के अनुसार तकनीक अपनाने और समाजहित के कार्यों में योगदान देने का संदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता राजेंद्र बेनीवाल ने व्यवसायियों को कानूनी नियमों का पालन करने और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने की सलाह दी। वहीं अन्नू बिश्नोई ने व्यवसाय क्षेत्र में महिलाओं की अधिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यावरणविद् खम्मूराम बिश्नोई के नेतृत्व में कोशिश पर्यावरण टीम ने कार्यक्रम को पूर्णतः सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त रखा और तांबे के लोटों से जल वितरण किया।
कार्यक्रम के अंत में गुरु जम्भेश्वर संस्थान भवन दिल्ली के अध्यक्ष जोतराम बिश्नोई ने सभी अतिथियों, व्यवसायियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।
एक टिप्पणी भेजें