सितंबर 2026 में होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना पर हुई विस्तृत चर्चा
राजस्थान बिश्नोई समाचार जोधपुर। आगामी 18, 19 एवं 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो 2026 की तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर रविवार को होटल बेनीवाल पैलेस, रातानाडा, जोधपुर में आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बिश्नोई समाज की आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्यों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक्सपो को समाज, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, नवाचार एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और प्रभावी आयोजन बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार अभियान, विभिन्न समितियों के गठन, जिम्मेदारियों के निर्धारण, स्टॉल बुकिंग, स्पॉन्सरशिप, अतिथि आमंत्रण, जनसंपर्क एवं समाज के अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के व्यापारियों, उद्यमियों, युवाओं, विद्यार्थियों, पेशेवरों एवं सामाजिक संगठनों को एक साझा मंच पर जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से समाज में रोजगार, स्वरोजगार, व्यापारिक नेटवर्किंग, निवेश, कौशल विकास एवं सामाजिक एकता को नई दिशा मिलेगी।
आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न जिलों एवं राज्यों में संपर्क अभियान चलाकर समाज के अधिकाधिक लोगों, संस्थाओं, उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं युवाओं को इस आयोजन से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्टॉल बुकिंग, स्पॉन्सरशिप एवं सहयोग अभियान को भी गति दी जाएगी।
बैठक में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर आयोजन को भव्य, सफल एवं परिणामकारी बनाने का संकल्प लिया तथा इसके लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी कार्ययोजना के अनुसार सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
एक टिप्पणी भेजें