डॉ. एम.सी. ऋषि बिश्नोई का निधन अखिल भारतीय सोनिया गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय चेयरमैन

हरियाणा बिश्नोई समाचार हिसार अखिल भारतीय सोनिया गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. एम.सी. ऋषि बिश्नोई (77) का सोमवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व गिरने से उन्हें गंभीर चोट लग गई थी, जिसके चलते उनका निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


डॉ. एम.सी. ऋषि बिश्नोई हिसार जिले के समीपवर्ती गांव धांसू के निवासी थे। उनके निधन पर सरपंचों, समाजसेवियों एवं कांग्रेस नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज और राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।


उनके पुत्र विकास बिश्नोई ने बताया कि डॉ. ऋषि बिश्नोई ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत रतिया क्षेत्र से की थी। वे युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और इसके बाद रतिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर भी कई वर्षों तक सेवाएं दीं। उनके सक्रिय राजनीतिक योगदान को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा उन्हें हरियाणा प्लानिंग बोर्ड का सदस्य भी नियुक्त किया गया था।
वर्ष 1993 से वे अखिल भारतीय सोनिया गांधी एसोसिएशन के राष्ट्रीय चेयरमैन रहे और अंतिम समय तक गांधी परिवार की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करते रहे। उनके श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं से घनिष्ठ संबंध थे।


हरियाणा की राजनीति में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री चौ. दलबीर सिंह तथा सांसद कुमारी सैलजा सहित कई नेताओं के साथ मिलकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। वे समय-समय पर हरियाणा कांग्रेस की गतिविधियों की विशेष रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजते रहते थे।


डॉ. ऋषि बिश्नोई सामाजिक सेवा में भी सक्रिय थे। वे गांव धांसू में स्थित ऋषि अस्पताल के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराने का कार्य करते थे।
उनके निधन पर गांव धांसू में 25 जनवरी तक शोक सभाएं आयोजित की जाएंगी।

Post a Comment

और नया पुराने