लालासर साथरी में बिश्नोई समाज का 9वां युवा सम्मेलन एवं RAS सम्मान समारोह आयोजित

राजस्थान बिश्नोई समाचार नोखा लालासर साथरी में स्वामी सच्चिदानंद आचार्य के सानिध्य में बिश्नोई समाज का 9वां युवा सम्मेलन एवं नवचयनित RAS अधिकारियों का सम्मान समारोह 16 फरवरी 2026 को भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा, शिक्षा तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सीआईएसएफ कमांडेंट कुलदीप डेलू ने युवाओं को वर्तमान समय में समाचार पत्रों के नियमित अध्ययन के महत्व के बारे में बताया तथा परिवार में सकारात्मक वातावरण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
आईआरएस विजयलक्ष्मी बिश्नोई ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए महिला शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया और समाज की संस्थाओं से इसे प्रोत्साहित करने की अपील की।

समराथल फाउंडेशन की छात्रा सरिता ईशरवाल ने अपने कैरियर निर्माण में फाउंडेशन के योगदान का विस्तार से उल्लेख किया तथा समाज के भामाशाहों से सहयोग की अपील की।
गुरुज्ञान पब्लिकेशंस के संतोष बिश्नोई ने आरपीएससी में बिश्नोई समाज के प्रतिनिधित्व की मांग उठाई तथा समाज में खेल अकादमी खोलने की आवश्यकता बताई। उन्होंने खेजड़ी आंदोलन को वैश्विक नजीर बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रिंट मीडिया से जुड़े रवि बिश्नोई ने युवाओं को इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाशने और जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया।
आरएएस विकास सिहाग एवं मदन डेलू ने बच्चों को पारिवारिक पृष्ठभूमि के बजाय शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने की प्रेरणा दी।

फ़िल्म अभिनेता संजय बिश्नोई ने समाज को कुरीतियों से दूर रहने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने पर्यावरण प्रेमी राधेश्याम पेमानी को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
आईईएस वत्सल खावा ने युवाओं को निरंतरता और ईमानदारी से आगे बढ़ने का संदेश दिया, वहीं पर्वतारोही रोहिताश खिलेरी ने संघर्ष और निरंतर सुधार को सफलता की कुंजी बताया।

मुख्य वक्ता स्प्रिंग बोर्ड एकेडमी से राजवीर सिंह चलकोई ने समाज के सिद्धांतों का ऐतिहासिक संदर्भों सहित विस्तार से वर्णन किया और गुरु जंभेश्वर भगवान को रेगिस्तान का प्रथम दार्शनिक धर्मगुरु बताया। उन्होंने युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने, पारिवारिक मूल्यों को अपनाने तथा स्कूल-कॉलेज जीवन को वास्तविकता में जीने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर उन्होंने स्प्रिंग बोर्ड एकेडमी की ओर से समराथल फाउंडेशन को बालिका शिक्षा सहयोग हेतु 11 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की।

युवा सम्मेलन में चयनित RAS अधिकारियों को सम्मानित किया गया ताकि वे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें। सभी प्रतिभागियों का सम्मान शहीद निहालचंद जी धारणियाँ के पिताश्री हनुमान धारणियाँ द्वारा किया गया।

सम्मेलन में आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और वक्ताओं को ध्यानपूर्वक सुना। युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया तथा रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें 205 यूनिट रक्तदान किया गया।

कार्यक्रम के साथ आयोजित 7 दिवसीय जाम्भाणी हरिकथा का भी समापन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने