माउंट एवरेस्ट पर 24 घंटे रुककर विश्व रिकॉर्ड बनाने निकलेंगे रोहतास बिश्नोई, गुरु जम्भेश्वर भगवान का लिया आशीर्वाद

दिल्ली बिश्नोई समाचार विश्व की सबसे ऊंची चोटी Mount Everest पर 24 घंटे रुककर विश्व रिकॉर्ड बनाने के संकल्प के साथ पर्वतारोही रोहतास बिश्नोई ने अपने अभियान से पहले आस्था का आशीर्वाद लिया। उन्होंने पावन धाम पहुंचकर गुरु जम्भेश्वर भगवान के चरणों में शीश नवाया और सफल अभियान की प्रार्थना की।
सोशल मीडिया पर भावुक और जोशीली पोस्ट साझा करते हुए रोहतास बिश्नोई ने लिखा कि उनके इरादे फौलादी हैं और रगों में बिश्नोई खून दौड़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरु महाराज के आशीर्वाद से एवरेस्ट फतह करने का उनका जुनून अब विश्व रिकॉर्ड में बदलेगा।

उन्होंने लिखा कि—
“शीश नवाया जाम्भोजी के चरणों में, अब राहें आसान होंगी… दुनिया देखेगी जब चोटी पर 24 घंटे तिरंगे की शान होगी।”
29 मार्च 2026 को होगा ऐतिहासिक प्रयास रोहतास ने बताया कि 29 मार्च 2026 उनके जीवन के सबसे बड़े और खतरनाक मिशन की तारीख है। उनका लक्ष्य केवल एवरेस्ट शिखर फतह करना नहीं, बल्कि ‘डेथ ज़ोन’ में 24 घंटे रुककर विश्व रिकॉर्ड बनाना है—जो पर्वतारोहण जगत में अत्यंत जोखिम भरा माना जाता है।

8 साल की तपस्या, अब अंतिम परीक्षा
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले 8 वर्षों में बर्फीले तूफानों, कठिन प्रशिक्षण और शारीरिक चोटों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। यह अभियान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जो “असंभव” को संभव मानता है।


बिश्नोई समाज और भारत देश का मान साथ लेकर जाएंगे
रोहतास बिश्नोई ने कहा कि वे अपने साथ दवाइयों के साथ-साथ— बिश्नोई समाज का मान माता-पिता का आशीर्वाद 140 करोड़ देशवासियों की दुआएं लेकर जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जब शिखर पर सांसें लड़खड़ाएंगी, तब गुरु का नाम और तिरंगे की शान उन्हें हिम्मत देगी।

देशवासियों से मांगी दुआएं
अपने संदेश के अंत में उन्होंने सभी से दुआओं में याद रखने की अपील करते हुए लिखा—
“राहें मुश्किल हैं मगर हम मंज़िल पा ही लेंगे…
जब साथ हो गुरु जाम्भो जी का और करोड़ों की दुआएं,
तो मौत के साए से भी हम जीत कर आ ही लेंगे।”
अभियान को लेकर समाज व क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, और सभी को 29 मार्च का इंतजार है जब रोहतास बिश्नोई विश्व पटल पर नया इतिहास रचने निकलेंगे

Post a Comment

और नया पुराने